कार्बोज, प्रोटीन, वसा और विटामिन किसमें है?
कार्बोज-शर्करा (केला, चीकू, आम, चीनी, शहद और गुड़ आदि), स्टार्च (चावल, गेहूँ व मोटा अनाज बाजरा, ज्वार, रागी, आलू, शकरकंदी, टैपीयोका अरबी आदि जमीकंद) और रेशा (गेहूँ के चापड़, छिलके वाली दालें फल व हरी सब्जियों में बहुत पाया जाता है) है।

प्रोटीन–दालें, दूध, पनीर, खोया, दही, मक्खन, बकरा का मांस, मछली, अंडा, मूंगफली, काजू व गिरीदार फल आदि।
वसा-खाने वाले तेल और घी आदि वसा है। घी सेचुरेटेड वसा अम्ल है और तिलहन से प्राप्त तेल अनसेचुरेटेड वसा अम्ल है। घी या वनस्पति घी के बजाए सरसों, तिल और मूंगफली का तेल प्रयोग खाने में करना शरीर के लिए अधिक सुरक्षित और लाभकारी है।

विटामिन-
विटामिन ए-आँखों की रोशनी के लिए आवश्यक है। बीमारियों से बचाव करता है। यह दूध, मक्खन, घी, अंडा, मछली, कलेजी और हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर और सीताफल में अच्छी मात्रा में पाया जाता है।

विटामिन बी समूह–कार्बोज, प्रोटीन और वसा के चयापचय में सहायता करते हैं। लाल रूधिर कणिकाओं का विकास करते है। अस्थि मज्जा, पाचन व तंत्रिका तंत्र को दुरूस्त रखते हैं। साबुत अनाज, दालें, चर्बी रहित मांस, मुर्गी, अण्डा, समुद्री खाद्य पदार्थ झींगा, केकड़ा, गेहूँ व चावल की बाहरी परत, अंकुरित अनाज, खमीरीकृत आहार, दूध, हरी पत्तेवाली सब्जियां, कलेजी, गुर्दे, गिरीदार फल व तिलहन आदि में यह पर्याप्त मात्रा मंे पाया जाता है।
विटामिन सी–चोट व घाव भरने व संक्रमण को नियंत्रित करने में सहायक होता है। लौह तत्त्व के शरीर में अवशोषण हेतु सहायता करता है। यह विटामिन ए और अनसेचुरेटेड फेटी एसिड को शरीर में नष्ट होने से रोकता है। ताजे खट्टे फल, संतरा, मौसमी, नीबू, अमरूद, सेब, आंवला, पपीता, हरी पत्तेवाली सब्जियां, टमाटर, हरी मिर्च, शिमला मिर्च, आलू, शकरकंदी एवं अंकुरित अनाज आदि विटामिन सी के अच्छे स्रोत है।
विटामिन डी-विटामिन डी शरीर में कैल्शियम और फॉस्फोरस के अवशोषण में मदद करता है और इनको हड्डियों में जमा करके मजबूत व स्वस्थ बनाता है।



विटामिन ई-अनसेचुरेटेड वसा, विटामिन ए और विटामिन सी को हमारे शरीर में सुरक्षा प्रदान करता है। यह मूंगफली, सोयाबीन, बिनौला व कुसुम तेल में पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है।
विटामिन के-शरीर में चोट लगने पर खून का थक्का जमने के लिए आवश्यक है। यह प्रोथ्रोम्बिन का निर्माण करने के लिए आवश्यक है। यह हरी पत्तेदार सब्जियां, पालक, बंद गोभी व सलाद पत्ता आदि में भरपूर होता है।

Leave a Reply